
जमशेदपुर : जमशेदपुर में गोविंदपुर अन्ना चौक पर नो-एंट्री का बोर्ड लगाने और मुआवजे की मांग को लेकर चल रहा धरना- प्रदर्शन सहमति के बाद समाप्त हो गया. बस मालिक की ओर से 5 लाख रूपये मुआवजा तथा सरकारी प्रावधान के अनुसार सड़क हादसे में मृतक के परिजनों को मिलने वाले मुआवजे पर सहमति बनी. इस दौरान अंचल अधिकारी मनोज कुमार, बीडीओ सुमित प्रकाश और ट्रैफिक प्रभारी नीरज सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान करीब चार घंटा के बाद मुआवजा औऱ नो इंट्री का बोर्ड लगने के बाद माहौल शांत हो पाया. (नीचे देखे पूरी खबर)
इस आंदोलन में जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह, समाजसेवी बंटी सिंह, कांता देवी, डीएसपी संजीव कुमार और ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में स्थानीय समस्याओं के समाधान और यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि संबंधित चिट्ठी सोमवार को जारी कर दी जाएगी. उन्होंने कहा कि ट्रैफिक से जुड़े सभी नियम-कानून शनिवार से सही तरीके से लागू कर दिए गए हैं. इसके साथ ही निर्धारित पेमेंट भी कर दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजा के प्रधान के तहत जिन लोगों को मुआवजा मिलना है, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा. अंचल अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा स्थानीय स्तर पर जो भी अन्य मुद्दे हैं, उन्हें लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जल्द बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा. हालांकि, कुछ मुद्दों पर अभी पूरी तरह सहमति नहीं बन सकी है.




