जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र के मून सिटी के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में करीब 55 वर्षीय शमसेर, जो कपाली निवासी बताए जा रहे हैं, की पहचान हो गई है. वहीं, करीब 40 वर्षीय दूसरे घायल की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति स्प्लेंडर बाइक से मानगो की ओर से डिमना चौक जा रहे थे. इसी दौरान मून सिटी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की जानकारी मिलने के बाद शुभम राज और उनके साथियों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को टोटो से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर पहुंची पुलिस ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. एमजीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई। दोनों के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स, रांची रेफर किए जाने की बात सामने आई है. फिलहाल उलीडीह पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस हादसे में शामिल ट्रक की पहचान करने का प्रयास कर रही है. घटना के बाद ट्रक चालक के फरार होने की सूचना है.




