जमशेदपुर: सीआईएससीई रीजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में केरला समाजम मॉडल स्कूल (केएसएमएस) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल और शहर का नाम रोशन किया. डी नोबिली स्कूल, कोराडीह में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में केएसएमएस के खिलाड़ियों ने अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया.इस वर्ष केएसएमएस के क्रिकेट खिलाड़ियों ने पूरे सत्र में कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर शानदार उपलब्धि हासिल की. खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन के पीछे स्कूल के सहयोग के साथ-साथ झारखंड के लिए क्रिकेट खेल चुके एवं क्रिकेट कोच निहाल सिंह के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही. पूरे वर्ष खिलाड़ियों ने फिटनेस, तकनीक, फील्डिंग और मैच परिस्थितियों पर विशेष मेहनत की, जिसका परिणाम रीजनल स्तर पर देखने को मिला.(नीचे भी पढ़े)

अंडर-17 वर्ग में रणबीर सिंह (कक्षा IX-डी) ने केएसएमएस का प्रतिनिधित्व किया, जबकि अंडर-19 वर्ग में पुलकित चौधरी (कक्षा XII-डी) और अनुज शर्मा (कक्षा XI-डी) ने शानदार प्रदर्शन किया. तीनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल के दम पर स्वर्ण पदक हासिल किया.इस उपलब्धि को और खास बनाते हुए अनुज शर्मा का राष्ट्रीय स्तर की टीम के लिए चयन हुआ है. उनके चयन से केएसएमएस परिवार में खुशी की लहर है और इसे स्कूल के क्रिकेट कार्यक्रम के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर केएसएमएस की डायरेक्टर नंदिनी शुक्ला, प्राचार्य रीना बनर्जी, उप प्राचार्य एएल अब्राहम, हेड मिस्ट्रेस सुजाता सिंह और रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश ने खिलाड़ियों ,स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट तथा सभी संबंधित शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी. स्कूल के शिक्षकों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ खेलते रहने के लिए प्रेरित किया.




