लोहरदगा : आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया का निशुल्क नेत्र जांच वाहन लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड पहुंचा, जहां यह वैन प्रतिदिन भंडरा और चट्टी संच के 60 गांवों में जा कर ग्रामीणों का नेत्र जांच करने के अभियान की शुरुआत हुई. आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयोजक जयप्रकाश शर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ कुमुद अग्रवाल, सचिव सुनील अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय चौधरी, कपिलदेव मिश्रा, प्रमोद अग्रवाल, गोविंद सोनी, सह सचिव जीवन मेहता, प्रदीप साहू, बिरिया उरांव और जिला परिषद सदस्य, जिला परिषद उपाध्यक्ष विनोद उरांव, शामिल उरांव, डॉ रंजन, योजना प्रमुख बिपिन सिंह, रमेश सहित अन्य पदाधिकारियों ने झंडा दिखाकर और श्रीफल फोड़कर वाहन को रवाना किया. संयोजक जय प्रकाश शर्मा ने अपने संबोधन में केंद्रीय समिति का धन्यवाद ज्ञापन किया कि लोहरदगा समिति के आग्रह को तुरंत स्वीकार कर वाहन को लोहरदगा भेजा. आम जन को इसका लाभ मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)

अध्यक्ष कुमुद अग्रवाल ने बताया कि अगले कुछ माह अत्याधुनिक उपकरणों से लैस, विश्व स्तरीय मशीनों से लोगों की आंखो की जांच विशेषज्ञ और उनकी टीम करेगी. सचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दिन का कैंप भंडरा के मुकंदो गांव में आज लगाया गया. यहां के लोग खुश हैं, ग्रामीणों ने फाउंडेशन के सदस्यों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया, जिसमें लोगों ने लोक गीत, नृत्य और ढोल नगाड़े, मांदर के साथ सभी का अभिवादन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इतने सुदूर क्षेत्र में फाउंडेशन अपनी सेवा दे रहा है, यह हमारे लिए खुशी की बात है. उपाध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि लगातार लगने वाले कैंप में नेत्र जांच, दवाइयां और चश्मे दिये जाएंगे, साथ ही साथ मोतियाबिंद जैसी परेशानी होने पर जरूरतमंदों को चिह्नित कर उनके निःशुल्क ऑपरेशन की भी व्यवस्था फाउंडेशन करेगा.







