जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल गतिविधियों को लेकर बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस एवं अर्धसैनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया.
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां, पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक, सीआरपीएफ के उप-समादेष्टा/सहायक समादेष्टा तथा पटमदा, बोड़ाम, कमलपुर, एमजीएम, घाटशिला, गालूडीह, चांडिल और नीमडीह थाना प्रभारियों समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़े)
बैठक के दौरान पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में नक्सल गतिविधियों से जुड़े क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई. अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में लगातार अभियान चलाने और नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया.




