चाकुलिया : झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मुलाकात कर चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की. मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के प्रेसिडेंट सोमनाथ दास की उपस्थिति में कुणाल षाड़ंगी ने झारखंड के बच्चों के हित में जमशेदपुर में संचालित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल सीटों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सीटों में वृद्धि होने से झारखंड के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और स्थानीय प्रतिभाओं को लाभ मिलेगा. मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के प्रेसिडेंट सोमनाथ दास ने बताया कि वर्तमान में झारखंड के बच्चों के लिए कुल 25 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें 10 सीटें सामान्य वर्ग और 15 सीटें आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए हैं. अब इन सीटों की संख्या बढ़ाकर 50 करने का प्रस्ताव है, जिसमें 20 सीटें सामान्य वर्ग और 30 सीटें आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए होंगी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी. इसके साथ ही जमशेदपुर में संचालित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया. वर्तमान में शहर में पोस्टमार्टम के लिए मुख्य रूप से एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पर निर्भरता है. कई बार अधिक दबाव के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में विलंब होता है, जिससे मृतकों के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. मणिपाल अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध होने से इस समस्या को कम करने में मदद मिलेगी. स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने दोनों मांगों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि आगामी सत्र में दोनों प्रस्तावों को पारित कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी. कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि झारखंड के बच्चों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ जमशेदपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना आवश्यक है.




