घाटशिला: झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में मुसाबनी माइंस इंटर कॉलेज के प्राचार्य गोबिंदा बास्के, सचिव तुषार कांत पात्र और लक्ष्मीकांत बेहरा ने झारखंड सरकार के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा से मुलाकात कर कॉलेज परिसर में छात्रावास निर्माण की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा. पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी क्षेत्र अत्यंत पिछड़ा एवं नक्सल प्रभावित रहा है. मुसाबनी माइंस इंटर कॉलेज आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. कॉलेज में करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति समुदाय से आते हैं. (नीचे भी पढ़े)
इनमें अधिकांश दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थी हैं, जिन्हें प्रतिदिन आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सुविधा एवं उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्रावास निर्माण की मांग रखी. मांग पत्र पर सकारात्मक पहल करते हुए कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने जल्द ही कॉलेज के लिए 100 बेड छात्रावास निर्माण की स्वीकृति एवं आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया.इस पहल पर मुसाबनी माइंस इंटर कालेज के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रावास निर्माण से विशेषकर आदिवासी एवं दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी. इससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी.















