जमशेदपुर : जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड के बाद कोल्हान डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे. उन्होंने एसएसपी कार्यालय में जमशेदपुर के एसएसपी, सरायकेला-खरसावां के एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर हत्याकांड की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की. डीआइजी ने दोनों जिलों की पुलिस को आपसी समन्वय के साथ जांच आगे बढ़ाने का निर्देश दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

उन्होंने हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी लेते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा. जांच में सामने आए सुरागों के आधार पर कार्रवाई तेज करने और दोनों जिलों के बीच सूचनाओं के प्रभावी आदान प्रदान पर भी विशेष जोर दिया गया. बैठक के दौरान निखार सबलोक की हत्या के बाद उत्पन्न आपराधिक परिस्थितियों और संभावित विवादों के विभिन्न पहलुओं पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई. डीआइजी ने स्पष्ट कहा कि मामले के उद्भेदन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पुलिस टीम को ठोस सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द आरोपितों तक पहुंचना होगा.




