जमशेदपुर : जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में 29 अगस्त शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और जोश के साथ मनाया गया. इसके अंतर्गत विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों जैसे जुंबा, स्पीच, क्विज, पोस्टर मेकिंग,कबड्डी, खो-खो स्पून मार्बल रेस, कलेक्ट द थिंग्स, बैलेंस द बुक आदि का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और उसका भरपूर आनंद उठाया. कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद जी को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों द्वारा लिए गए खेल शपथ के साथ हुआ, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने खेलों में ईमानदारी, अनुशासन, निष्पक्षता का पालन तथा हार जीत से ऊपर उठकर खेल की भावना को सर्वोपरि रखने का प्रण लिया. (नीचे भी पढ़ें)

तत्पश्चात सभी बच्चों ने जुंबा में संगीत की ऊर्जावान धुनो पर अनेक शारीरिक गतिविधियों में उत्साह पूर्वक भाग लिया. इसके बाद कुछ बच्चों ने अपने प्रेरणादायक स्पीच तथा खेलों के संबंधित पोस्ट बनाकर हमारे जीवन में खेलों के महत्व और भविष्य में उनसे होने वाले फायदे के विषय में बताया तो कुछ बच्चों ने स्पून मार्बल रेस, खो-खो, कबड्डी आदि खेलों के माध्यम से अपनी उत्तम रणनीति, स्पूर्ति, साहस और उत्कृष्ट टीमवर्क का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण क्विज रहा जिसके माध्यम से हमें विद्यार्थियों के खेल संबंधी ज्ञान और त्वरित सोचने की क्षमता का पता चला. अंत में सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. इस प्रकार यह पूरा कार्यक्रम सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.







