जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान में सोमवार को दिनदहाड़े घटी लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. आरोप है कि एक महिला समेत तीन लोग एक घर में घुसे और वहां अकेली महिला के साथ मारपीट कर उसे बंधक बना लिया. इसके बाद आरोपियों ने घर में रखे कीमती सामान और महिला के गहने लूट लिए. (नीचे भी पढ़ें)

पीड़िता के मुताबिक, घटना के दौरान सबसे पहले एक महिला उसके घर पहुंची और बातचीत करने के बहाने दरवाजा खुलवाया. जैसे ही दरवाजा खुला, उसके साथ आए दो पुरुष जबरन घर के अंदर घुस गए. तीनों ने महिला के साथ मारपीट की एवं उसे डरा कर घर में बंधक बना लिया. आरोप है कि बाद में महिला को बालकनी में बांध दिया गया. महिला के अनुसार, इसके बाद आरोपी घर के कमरों और सामानों की तलाशी लेते रहे. इस दौरान उन्होंने घर में रखी कीमती वस्तुओं के अलावा उसके गले और कान में पहने सोने के जेवर भी छीन लिए. मारपीट में महिला के चेहरे और मुंह पर चोटें आई हैं. उसके दांत टूटने की बात भी सामने आई है. (नीचे भी पढ़ें)

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. आरोपियों के जाने के बाद महिला ने किसी तरह पड़ोसियों को आवाज दी. आवाज सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बंधन से मुक्त कराया, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.








