जादूगोड़ा : भगवान बिरसा मुंडा सेवा समिति के केंद्रीय महासचिव सीताराम हांसदा की अगुआई में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को टाटा-खड़गपुर खंड पर स्थित राखामाइंस रेलवे स्टेशन प्रबंधक से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन प्रबंधक को यात्रियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया व राखा माइंस स्टेशन में कोरोना काल से ही स्थगित दो महत्वपूर्ण ट्रेनों, 22891/22892 रांची-हावड़ा-रांची इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस एवं 18030/18029 शालीमार लोकमान्य तिलक टर्मिनस शालीमार एक्सप्रेस का ठहराव पुनः आरंभ कराने से संबंधित मांग पत्र सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
पत्र में भगवान बिरसा मुंडा सेवा समिति के केन्द्रीय महासचिव सीताराम हांसदा ने कहा कि कोरोना काल से पूर्व दोनों एक्सप्रेस ट्रेनें गालूडीह में रुका करती थीं, जिसे कोरोना काल में स्थगित कर दिया गया. ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्हें 30 किलोमीटर दूर जमशेदपुर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती हैं तो वहीं रेलवे को राजस्व का भी भारी नुकसान हो रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी मांगें नहीं सुनी गई तो आगे उच्चाधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को मजबूती के साथ उठाया जाएगा, और जरूरत पड़ी तो आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे. राखामाइंस रेलवे स्टेशन प्रबंधक से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में केन्द्रीय अध्यक्ष सुभाष चन्द्र टुडू, केन्द्रीय सचिव बसंत टोपनो, मातुराम सोरेन, सिमाल हांसदा, नुनाराम हांसदा, सुशील हेंब्रम, सुनाराम हांसदा आदि शामिल थे.




