जमशेदपुर: जमशेदपुर के जेम्को कालीमाटी उत्क्रमित उच्च विद्यालय में रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के सहयोग से 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं के लिए ‘मासिक धर्म जागरूकता एवं स्वच्छता’ विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया. इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रोटेरियन डॉ सुजाता मित्रा ने छात्राओं को मासिक धर्म की जैविक प्रक्रिया, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के तरीकों और संतुलित पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने सैनिटरी पैड के उचित उपयोग पर जोर देते हुए छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया. डॉ मित्रा ने किशोरियों को इस विषय से जुड़ी झिझक और रूढ़िवादिता को छोड़कर इसे एक स्वाभाविक और स्वस्थ शारीरिक प्रक्रिया के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस सामाजिक पहल के अंतर्गत रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट द्वारा विद्यालय की छात्राओं के बीच सैनिटरी पैड का मुफ्त वितरण भी किया गया. इसके साथ ही उन्हें पैड के सुरक्षित और स्वच्छ निस्तारण के तरीकों से अवगत कराया गया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को आवश्यक स्वच्छता सामग्रियां उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके भीतर अपने स्वास्थ्य के प्रति आत्मविश्वास जगाना है. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव, शिक्षका कंचन तिवारी और करनदीप सिंह सहित पूरे विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा. (नीचे भी पढ़ें)
विद्यालय प्रबंधन ने रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट और डॉ सुजाता मित्रा की इस कल्याणकारी और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया. यह आयोजन किशोरियों को बिना किसी संकोच के अपने स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित करने और उनके सुरक्षित भविष्य की नींव रखने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ.




