जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन में जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस ने पूरे कांड का खुलासा कर दिया है. इस मामले को लेकर जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एहतेशाम बकारिब और सरायकेला खरसावां जिले के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने संयुक्त रुप से जमशेदपुर के एसएसपी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. (नीचे भी पढ़े)
इस कांड में इन दोनों आइपीएस अधिकारियों ने मीडिया के सामने खुलासा किया कि यह हत्याकांड चांडिल की जमीन समेत जमीन और कारोबार के संबंध में उपजे विवाद के कारण हुआ. दोनों आइपीएस अधिकारियों ने यह बताया कि यह मामला गैंगस्टर अखिलेश सिंह और गणेश सिंह के आपसी रंजिश का भी हो सकता है, जिसकी तफ्तीश की जा रही है. इस मामले में पुलिस ने बताया कि पूरे कांड में मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड अशोक कुमार सिंह राघव है. राघव जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के खुंटाडीह का रहने वाला है. इस कांड में मुख्य शूटर अंकित सिंह है, जो उत्तरप्रदेश के सुलतानपुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उसके साथ एक और शूटर था, जिसकी गिरफ्तारी नहीं हो पायी है. (नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा निखार सबलोक की रेकी में शामिल जमशेदपुर के उलीडीह मानगो डिमना रोड लक्ष्मण नगर का रहने वाला सुनील रजक, मानगो उलीडीह डिमना रोड लक्ष्मण नगर निवासी रितेश सिंह, सोनारी सिद्धू कान्हू बस्ती का रहने वाला सुशील केराई को भी गिरफ्तार किया गया है. वहीं, इस कांड में अंकित सिंह के साथ रहने वाला उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर के लधुवा थान क्षेत्र का रहने वाला राजकुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया है. इन लोगों के पास से हत्या में प्रयुक्त दो पिस्तौल भी जब्त किया गया है. पुलिस ने बताया है कि इस कांड में शामिल दो शूटरों को हुंडाई आइ 10 से वहां लाया गया था. इसके बाद सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई ने उनको भगाने में मदद की. (नीचे भी पढ़े)
अशोक कुमार सिंह राघव ने कांड में अपराधियों को पैसे उपलब्ध कराये थे और पूरे कांड में मास्टरमाइंड था. पुलिस ने बताया है कि राघव के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में पहले से 25 अगस्त 2026 को एक केस दायर है. वहीं, सुनील रजक के खिलाफ बागबेड़ा थाना में एक, मानगो थाना में दो केस दर्ज है. रहीं, रितेश सिंह के खिलाफ मानगो थाना में दो केस दर्ज है जबकि सुशील केराई के खिलाफ सात केस दर्ज है. पकड़ा गया यूपी का अंकित सिंह के खिलाफ पांच केस दर्ज है. सरायकेला खरसावां जिले और जमशेदपुर पुलिस ने संयुक्त रुप से यह कदम उठाया है, जिस कारण पुलिस को सफलता मिली है.




