जमशेदपुर : जमशेदपुर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया. शहर के विभिन्न मंदिरों, विद्यालयों और आवासीय क्षेत्रों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे भगवान कृष्ण और राधा के आकर्षक परिधानों में सजकर कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाते नजर आए. (नीचे भी पढ़ें)

कहीं नन्हे बच्चों ने श्रीकृष्ण की वेशभूषा में मोरपंख मुकुट, बांसुरी और पीतांबर धारण किया, तो वहीं छोटी बच्चियां राधा रानी के सुंदर स्वरूप में सजी दिखीं. बच्चों की मनमोहक झलक ने अभिभावकों और श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया. कई स्थानों पर बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में एक साथ फोटो खिंचवाए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया. जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया. भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के साथ देर रात भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया. नन्हे राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया.




