जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित सिद्धू-कान्हू बस्ती में बुधवार सुबह एक ऑटो चालक पर धारदार चापड़ से हमला करने का मामला सामने आया है. घायल ऑटो चालक की पहचान गणेश राव के रूप में हुई है. गणेश राव का आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले फोन पर गाली-गलौज की और फिर उनके घर पहुंचकर उन पर हमला कर दिया. इस घटना में उनके गर्दन, पेट, कमर और सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. गणेश राव के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7 बजे उनके परिवार के पास एक अनजान नंबर से फोन आया था. फोन उनकी पत्नी रेशमा ने उठाया. आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद जब गणेश राव ने फोन पर बात की, तो दूसरी तरफ से उनके साथ भी गाली-गलौज की गई. गणेश राव ने आरोप लगाया कि फोन पर अमन बहरा, मोहम्मद बशीर और शिपु नाम के व्यक्तियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. गणेश राव का आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे उक्त लोग उनके घर पहुंचे और जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगे. दरवाजा खोलते ही आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद धारदार चापड़ से उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में गणेश राव के गर्दन, पेट, कमर और सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आईं. घटना के बाद गणेश राव और उनका परिवार भयभीत है. (नीचे भी पढ़ें)
उनका कहना है कि इस घटना के बाद से उन्हें और उनके परिवार को अपनी जान का खतरा बना हुआ है. गणेश राव ने प्रशासन से मामले में न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करे, ताकि उनके परिवार को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे. गणेश राव ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें न्याय दिलाएगी और उनकी तथा उनके परिवार की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी.





