जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के क्वार्टर नंबर-1, एल-4 टाइप, रोड नंबर-12 में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान 34 वर्षीय रत्ना यादव के रूप में हुई है. उनके पति का नाम सनी कुमार बताया गया है. दंपती का आठ महीने का एक बच्चा भी है. मिली जानकारी के अनुसार, सनी कुमार किसी काम से बाहर गए हुए थे. उनके घर लौटने के बाद रात में पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है. हालांकि, विवाद के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बुधवार सुबह मृतका के ससुर ने बहू को घर के अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा. इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष के सदस्यों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा. फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





