रामगोपाल जेना / चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने लूटपाट और चोरी के प्रयास से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल चातार उर्फ अनिल मुंडा उर्फ बच्चा (लगभग 26 वर्ष) बड़बिल (ओडिशा) थाना क्षेत्र के टुकुरानी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक जेटेया थाना क्षेत्र में युवती से मोबाइल छीनने, नोवामुंडी थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर चोरी का प्रयास करने तथा टाटानगर थाना क्षेत्र में नकदी और सामान छीनने से संबंधित घटनाएं दर्ज की गई थीं. (नीचे भी पढ़ें)
जेटेया थाना में घटना 5 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज की गई थी. वहीं, नोवामुंडी थाना में 6 अक्टूबर को चोरी के प्रयास और हथियार से संबंधित मामला दर्ज किया गया था. टाटानगर थाना में 6 अक्टूबर की रात नकदी और सामान छीनने की शिकायत दर्ज हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)
इस संदर्भ में पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर एवं किरीबुरू के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया. कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास और घटनाओं में उसकी भूमिका से संबंधित अन्य विवरणों का सत्यापन किया जाना बाकी है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है.





