आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से आदित्यपुर पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियरी के निर्देश पर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने विभिन्न इलाकों में सघन गश्त की. इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, व्यावसायिक परिसरों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने पैदल मार्च करने के साथ चार पहिया पेट्रोलिंग वाहनों से भी निगरानी की. पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया गया. अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है. (नीचे भी पढ़ें)

गश्त के दौरान थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से बातचीत की. उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाने को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर संभावित आपराधिक घटनाओं को रोक सकती है. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है. उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद है.








