मेदिनीनगर (पलामू) : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामू समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को एक वृद्ध व्यक्ति की परेशानी को देख तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की पहल की. इस बात की मौके पर उपस्थित सभी लोग सराहना कर रहे हैं. उपायुक्त की इस संवेदनशीलता ने आम लोगों के बीच यह संदेश दिया है कि प्रशासन का दायित्व केवल सरकारी कार्यों का निष्पादन करना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर उनकी मदद करना भी है. (नीचे भी पढ़ें)
दरअसल, मेदिनीनगर के जोरकट निवासी पारसनाथ प्रजापति वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित जानकारी लेने समाहरणालय स्थित सामाजिक सुरक्षा कार्यालय पहुंचे थे. वे समाहरणालय के वेटिंग एरिया में कुर्सी पर बैठे हुए थे. इसी दौरान समाहरणालय पहुंचे उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की नजर उन पर पड़ी. उपायुक्त श्री शेखावत खुद उनके पास पहुंचे और उनका हालचाल पूछते हुए उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली. बातचीत के क्रम में उपायुक्त श्री शेखावत ने पाया कि वृद्ध पारसनाथ प्रजापति लकड़ी की बैसाखी के सहारे चलने-फिरने को मजबूर हैं. उनकी परेशानी को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को उन्हें बैसाखी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जिसके पश्चात उन्हें बैसाखी उपलब्ध कराई गई. इसके साथ ही उपायुक्त के निर्देश पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के स्तर से उन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई.





