जमशेदपुर : सुंदरनगर चौक पर शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित फल दुकान में जा घुसा. ट्रक की जोरदार टक्कर से दुकान को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें रखे फल सड़क पर बिखर गए. गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ. दुर्घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर चौक के व्यस्त इलाके में एक ट्रक से अचानक उसके चालक का नियंत्रण छूट गया, जिससे ट्रक सीधे सड़क किनारे स्थित फल दुकान में जा घुसा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया और दुकान में रखे केले, सेब, संतरे समेत अन्य फल सड़क पर बिखर गए एवं कई फल रखने वाले क्रेट भी टूट गए. इस हादसे में दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. अचानक हुए हादसे से कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया. पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ की, साथ ही, यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम भी उठाए. (नीचे भी पढ़ें)
इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने व्यस्त चौक पर भारी वाहनों की आवाजाही और उनकी रफ्तार पर चिंता जताई. लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है. फिलहाल, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. ट्रक चालक की लापरवाही या तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना घटी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.








