जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित हुई. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक तथा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक के दौरान जिले में अपराध की स्थिति, अपराध नियंत्रण के उपायों तथा विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई. इस दौरान एसएसपी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. बैठक में आदतन अपराधियों (हैबिचुअल ऑफेंडर्स) की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया. पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखें और अपराध की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाएं. (नीचे भी पढ़ें)

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री और अवैध हथियारों के विरुद्ध कार्रवाई की भी समीक्षा की गई. एसएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को इन अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया. साथ ही, किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया.
एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में सामुदायिक पुलिसिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. इसके तहत आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास को मजबूत करने पर जोर दिया गया. बैठक में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने, संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई तथा आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया. एसएसपी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता के साथ कार्य करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा.







