जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर झगड़ू बगान में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए तीन मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली. घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इस सिलसिले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनगर निवासी धनंजय ठाकुर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे किसी काम से घर से बाहर गए थे, इसी दौरान चोरों ने उनके घर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया एवं घर में रखे सामान को खंगालने के बाद चोर आगे के कमरे में रखे तीन मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घर लौटने पर धनंजय ठाकुर ने दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा. अंदर जाने पर सामान बिखरे मिले. जांच करने पर मोबाइल फोन और नकद रुपये गायब होने का पता चला. इसके बाद उन्होंने टेल्को थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
धनंजय ठाकुर के आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. शनिवार को पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन की. पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. सूत्रों का दावा है कि उसके पास से चोरी हुआ एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है. मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.





