जमशेदपुर : संतरागाछी से जयपुर तक 26 अक्तूबर से शुरू होने वाली नई ट्रेन का टाटानगर स्टेशन पर भव्य स्वागत किया जाएगा. इसके लिए श्याम भक्त मंडल द्वारा जोरदार तैयारी की जा रही है. यह नई ट्रेन फिलहाल साप्ताहिक है, जो सोमवार को संतरागाछी से रवाना होगी और मंगलवार को जयपुर पहुंचेगी. टाटानगर स्टेशन पर यह ट्रेन संध्या 5:50 पर आएगी. टाटानगर से जयपुर तक के लिए अभी तक कोई सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं थी. काफी वर्षों से इसकी मांग की जा रही थी. भाजपा के वरिष्ठ नेता, श्याम भक्त मंडल भालूबासा के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के विधायक प्रतिनिधि रहे पवन अग्रवाल ने जमशेदपुर से जयपुर के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने इस उपलब्धि के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ-साथ सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू को बधाई दी है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि उनके विशेष प्रयास से कोल्हान के नागरिकों की यह बहु प्रतीक्षित मांग पूरी हुई है. श्री अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान की धरती से जुड़े लाखों लोग कोल्हान में निवास करते हैं. नई ट्रेन सेवा शुरू होने से उन्हें प्रत्यक्ष तौर पर काफी लाभ मिलेगा. राजस्थान उन्नत धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक प्रदेश है. प्रसिद्ध धर्मस्थल बाबा खाटू श्याम का दर्शन अब यहां के निवासी आसानी से कर सकेंगे. कोटा जैसे समृद्ध शैक्षणिक स्थान का लाभ भी कोल्हान के छात्रों को सहज रूप से मिलेगा. नई ट्रेन सेवा शुरू होने से राजस्थान के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों सहित अन्य पर्यटन स्थलों का लाभ झारखंड वासी ले सकेंगे. उन्होंने 26 अक्तूबर को अधिक से अधिक संख्या में श्याम प्रेमियों तथा समाज के बंधुओं से सदस्यों को टाटानगर स्टेशन पहुंचने की अपील की. चूंकि अभी साप्ताहिक है आने वाले दिनों में इस गाड़ी की फेरा बढ़ाने की मांग की जाएगी.





