चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रोजेक्ट जागृति के तहत शनिवार को छह स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए. इन शिविरों में कुल 312 यूनिट रक्त संग्रहित किए गए. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की पहल पर आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया.रक्तदान शिविर सदर अस्पताल चाईबासा, अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खूंटपानी, मनोहरपुर, नोआमुंडी और सोनुवा में आयोजित किए गए. इनमें शिक्षक, अभियंता, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और विभिन्न विभागों के कर्मी शामिल हुए. सभी ने रक्तदान को मानव जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों को इसके लिए प्रेरित किया.(नीचे भी पढ़े)
चाईबासा के सदर अस्पताल में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि इसका उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करना है. दुर्घटनाओं में घायल लोगों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों और प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाली महिलाओं के लिए रक्त की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है.शिविरों में कई महिलाओं ने पहली बार रक्तदान किया. उनकी सहभागिता ने सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के प्रति महिलाओं की सक्रिय भूमिका को प्रदर्शित किया. स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र, टी-शर्ट, कॉफी मग और अन्य प्रोत्साहन सामग्री देकर सम्मानित किया गया.





