रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा के सिकुरसाई स्थित तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के दो प्रतिभाशाली तीरंदाजों, योगेंद्र हेस्सा और सन्नी हेम्ब्रम का झारखंड तीरंदाजी टीम में चयन हुआ है. दोनों खिलाड़ी इंडियन राउंड बालक वर्ग में 25 से 28 अक्टूबर 2026 तक राजस्थान के जयपुर में आयोजित होनेवाली 40वीं जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे. इस उपलब्धि के साथ ही तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के सहायक प्रशिक्षक सुमित सिंकू को झारखंड तीरंदाजी टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है. जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उन्हें पहली बार राज्य टीम के प्रशिक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह उपलब्धि केंद्र के लिए गौरव का विषय है. (नीचे भी पढ़ें)

तीरंदाजों के चयन और प्रशिक्षक की नियुक्ति पर तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार पाड़ेया, सीता पाड़ेया, सुशील कुमार सिंकू, सुभाष जोंको, हीराबती देवगम, जानो पुर्ती सिंकू, कन्हैया लाल बुड़ीउली, गार्दी कुंटिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. केंद्र के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि दोनों तीरंदाज राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रौशन करेंगे. साथ ही, प्रशिक्षक सुमित सिंकू के मार्गदर्शन में टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी.





