जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र में जनसमस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में पहल करने के उद्देश्य से मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के अध्यक्ष विकास कुमार साहनी के नेतृत्व में रविवार को वार्ड संख्या 3 स्थित महावीर कॉलोनी, एनएच-33 के समीप क्षेत्र का भ्रमण किया गया. विधायक सरयू राय के मूल मंत्र “संपर्क, समस्या एवं समाधान”के तहत आयोजित इस अभियान में समिति के सदस्यों ने स्थानीय लोगों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. क्षेत्र भ्रमण के दौरान सड़क की जर्जर स्थिति, जगह-जगह कचरे का अंबार, नालियों की समस्या तथा जलजमाव जैसी बुनियादी समस्याएं सामने आईं. समिति के सदस्यों ने इन समस्याओं का जायजा लेकर उन्हें सूचीबद्ध किया, ताकि संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के समक्ष इन मुद्दों को उठाकर समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जा सके.अभियान का उद्देश्य केवल क्षेत्र का निरीक्षण करना नहीं, बल्कि स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना, उनकी वास्तविक स्थिति को समझना तथा उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाना है. (नीचे भी पढ़े)

इस पहल के माध्यम से क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में सुधार और नागरिकों को होने वाली परेशानियों के निराकरण के लिए प्रयास किया जा रहा है.मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के अध्यक्ष विकास कुमार साहनी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने पर जोर दिया जा रहा है. समिति का प्रयास है कि स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों का ध्यान आकृष्ट कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, स्वच्छता एवं जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने जनसंपर्क के माध्यम से स्थानीय लोगों की परेशानियों को समझने तथा उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया. इस अवसर पर प्रवीण सिंह, विनोद सिंह, प्रेम सक्सेना, संजय सिंह, अरुण श्रीवास्तव, योगेंद्र साहू, परविंदर राम, अभिजीत सेनापति, सत्येन्द्र कुमार, राहुल तिवारी, सुनील महतो एवं संजय शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.





