जादूगोड़ा : पोटका प्रखंड अंतर्गत ग्वालकाटा पंचायत क्षेत्र के सुदूर बूटगोडा गांव में एमबीएलजेसी बूटगोड़ा की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट रविवार को संपन्न हो गया. इस टूर्नामेंट में कुल 24 टीमों ने भाग लिया. इस रोमांचक मुकाबले का फाइनल मैच राशिया क्लब जादूगोड़ा बनाम बालीजुड़ी एफसी के बीच खेला गया. दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई, जिसमें बालीजुड़ी एफ सी की टीम को विजेता घोषित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बूटगोड़ा ग्राम प्रधान उदय नाथ मुर्मू, टोला प्रधान प्रसाद मुर्मू, नायके बाबा सीताताराम मुर्मू, अनिल कुमार मुण्डा ने विजेता बालीजुड़ी एफ सी को पांच हजार नगद एवं खस्सी देकर सम्मानित किया, जबकि उप विजेता रही राशिया क्लब जादूगोड़ा को खस्सी एवं तीन हजार रुपये नकद देकर पुरस्कृत किया गया. कार्यक्रम के अंत में प्रस्तुत पारंपरिक दसई नाच आकर्षण का केंद्र रहा. सलगाडीह के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया.





