जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात करीब 11 बजे एक सड़क हादसे में सोपोडेरा निवासी मोंटी नामक युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मोंटी एक बड़े वाहन की चपेट में आ गया था. हादसे में उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक राहुल भी घायल हो गया, जिसे खासमहल में प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया गया. वहीं, मोंटी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय मोंटी अपने एक दोस्त के साथ था. इसी दौरान दोनों बड़े वाहन की चपेट में आ गए. दुर्घटना में मोंटी को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन मोंटी की जान नहीं बचाई जा सकी. बताया जाता है कि मोंटी हैदराबाद में रहकर काम करता था. वह दुर्गा पूजा की छुट्टी में अपने घर सोपोडेरा आया हुआ था. उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. त्योहार की छुट्टी में घर आए युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. दुर्घटना में शामिल बड़े वाहन और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा सकती है.












