पोटका: रांची के अरगोड़ा अंचल में कार्यरत राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में गुरुवार को पोटका अंचल कार्यालय के कर्मचारियों ने कलमबंद हड़ताल की. कर्मचारियों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की. राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पोटका अंचल में राजस्व संबंधी कार्यों के साथ एसआईआर,जाति प्रमाण पत्र,आवासीय प्रमाण पत्र समेत अन्य प्रमाण पत्र बनाने का काम पूरी तरह प्रभावित रहा. इससे विभिन्न कार्यों के लिए अंचल कार्यालय पहुंचे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.(नीचे भी पढ़े)
इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या से राज्यभर के सरकारी कर्मचारियों और राजस्वकर्मियों में गहरा आक्रोश है. उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की. कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. इसके बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर संघ के निर्देशानुसार अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी. इस मौके पर सीआई हेमंत कुमार, शांतिराम षाड़ंगी, लिटा मार्डी, पिऊ दे, संजय महतो, वीर विजय सिंह, शंभुनाथ देवरी, देबराज कैबर्त, ईश्वर लोम्बा, नियाज अंसारी, रितेश सरदार समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित थे.












