जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के केबल बस्ती, लाइन नंबर-3 निवासी शकुंतला देवी के घर में बीते दिनों भीषण आग लगने से उनका पूरा मकान जलकर राख हो गया. इस दर्दनाक हादसे में घर में रखे सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और वर्षों की मेहनत से जुटाई गई जमा-पूंजी को भारी नुकसान पहुंचा. अगलगी की घटना ने परिवार को संकट में डाल दिया है. जीवन भर की मेहनत से बनाए गए आशियाने को इस तरह खो देने से परिवार के सामने दोबारा गृहस्थी बसाने की चुनौती आ खड़ी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी शिवशंकर सिंह ने शकुंतला देवी से मुलाकात कर इस दुखद घटना पर गहरा अफसोस जताया. उन्होंने पीड़ित परिवार की स्थिति को समझते हुए उन्हें सहयोग राशि प्रदान की, साथ ही भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह परिवार की मदद के लिए हर संभव प्रयास करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
शिव शंकर सिंह ने जरूरतमंदों की सहायता को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि विपत्ति के समय पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना बेहद जरूरी है. आगजनी जैसी घटनाएं किसी भी परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़ देती हैं. ऐसे में समाज के लोगों को आगे आकर प्रभावित परिवारों का सहयोग करना चाहिए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें और फिर से सामान्य जीवन शुरू कर सकें. इस पहल को मानवीय संवेदना और सामाजिक सहयोग की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है. उम्मीद है कि सहयोग और सामूहिक प्रयासों से शकुंतला देवी का परिवार इस कठिन परिस्थिति से उबरकर दोबारा अपना आशियाना बसा सकेगा.












