आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ आरक्षी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना के बाद सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी पुलिस व्यवस्था को लेकर सख्त हो गए हैं. इसी क्रम में बुधवार देर रात एसपी ने आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थानों के अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने विशेष रूप से महिला सुरक्षा और महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

एसपी ने ओडी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके. एसपी ने तीनों थानों की गश्ती व्यवस्था की भी समीक्षा की और पुलिस गश्ती दलों को लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहें तथा आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ आरक्षी द्वारा कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं. इस घटना के बाद एसपी द्वारा देर रात थानों का औचक निरीक्षण किए जाने को पुलिस व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज समेत संबंधित थानों के थाना प्रभारी, एसआई, एएसआई एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे.












