जमशेदपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मानगो क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विशेष पहल की गई. इसी क्रम में मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित इंटेक वॉल के पास विशेष सफाई अभियान चलाया गया. इस अभियान में मानगो नगर निगम, ग्रीन कैप्स फाउंडेशन, लियो क्लब और सेवक टीम ने संयुक्त रूप से भागीदारी निभाई. अभियान के दौरान इंटेक वॉल के आसपास फैली गंदगी और कचरे की सफाई की गई. साथ ही लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया. आयोजकों ने कहा कि छठ महापर्व स्वच्छता, शुद्धता और आस्था का प्रतीक है. (नीचे भी पढ़ें)

ऐसे में पर्व के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. इस विशेष सफाई अभियान में मानगो की मेयर सुधा गुप्ता भी उपस्थित रहीं. उन्होंने अभियान में शामिल संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)
संयुक्त रूप से चलाए गए इस अभियान के माध्यम से लोगों को छठ महापर्व के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने तथा जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने का संदेश दिया गया. आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने की बात कही.












