नयी दिल्ली: दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में गुरुवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं. दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार करीब 15 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. अधिकारियों के मुताबिक, घटना सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सत्तारा में हुई. सूचना मिलने के बाद दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस और एमसीडी की टीमें भी रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं.एमसीडी ने मामले में दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. इनमें असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग) मोहम्मद नईम और जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) अमन दलाल शामिल हैं.दिल्ली में इस साल इमारत गिरने का यह छठा बड़ा मामला है.(नीचे भी पढ़े)
इससे पहले 5 हादसों में 21 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें सत्य निकेतन और सीमापुरी हादसे शामिल हैं. जान गंवाने वालों में कई छात्र भी थे.एमसीडी के एक अधिकारी के अनुसार इमारत का निर्माण चल रहा था, लेकिन करीब 15 दिन पहले काम रोक दिया गया था. हादसे के समय मजदूर छत के नीचे लगे सपोर्ट सिस्टम को हटा रहे थे. इसी दौरान पूरी इमारत ढह गई.अधिकारी ने बताया कि निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार तैयार नहीं थी और ठीक से सेट भी नहीं हुई थी.प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया कि इमारत पिछले 3-4 महीने से बन रही थी. तीन-चार लिंटर डाले जा चुके थे और वे सभी एक साथ गिर गए. घटना के समय करीब तीन-चार लोग मौजूद थे. एक शव को मलबे से बाहर निकालते हुए देखा गया है.












