जमशेदपुर : रेलवे मंत्रालय ने टाटानगर से होकर जाने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस ट्रेन को ठंड के मौसम में भी चलाने की मांग को मंजूर कर लिया है. इसको लेकर एक सरकुलर जारी कर उसको ठंड के मौसम के दौरान रद्द करने के फैसले को वापस ले लिया है. पहले यह कहा गया था कि धुंध और कोहरे के कारण टाटानगर-अमृतसर-टाटानगर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को रद्द किया जा रहा है. सिख समाज और स्थानीय लोगों के कड़े विरोध व मांग के बाद रेलवे ने इस ट्रेन को ठंड के मौसम में भी अपने निर्धारित समय सारणी के अनुसार सामान्य रूप से चलाने की मंजूरी दे दी है. टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस 02 दिसंबर से 24 फरवरी तक अपने निर्धारित समय सारणी के अनुसार नियमित रूप से संचालित होगी. वहीं, वापसी में अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस भी 04 दिसंबर से 26 फरवरी तक अपने पूर्व निर्धारित शेड्यूल के तहत ही चलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इधर, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन पुनः शुरू कराने की पहल से सिख समाज में खुशई की लहर है. इसको लेकर सिख समाज के लोगों ने सांसद विद्युत वरण महतो का अभिनंदन किया. भाजपा सिख नेता सरदार सतबीर सिंह सोमू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह हम सभी के सामूहिक प्रयासों और निरंतर कोशिशों का सुखद परिणाम है. उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रयास में साथ देने वाले अपने सभी साथियों का वे हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते है. सभी ने एकजुट होकर सांसद विद्युत वरण महतो से आग्रह किया था कि यात्रियों की परेशानी को देखते हुए इस विषय को गंभीरता से लें और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से वार्ता कर ट्रेन का परिचालन पुनः शुरू कराने के लिए आवश्यक पहल करें. सभी के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है. जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के पुनः परिचालन की खबर से जमशेदपुर के शहरवासियों, विशेषकर सिख समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है. यह ट्रेन केवल एक रेल सेवा नहीं, बल्कि जमशेदपुर और पंजाब के बीच हजारों लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम है.












