बहरागोड़ा : भाई दुज के अवसर पर बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुरिया में प्रगति संघ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य खेलकूद एवं सांस्कृतिक संध्या समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया. वर्ष 1977 से लगातार इस आयोजन के माध्यम से प्रगति संघ क्षेत्र में खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने काम करती आ रही है. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्लस टू उच्च विद्यालय मानुषमुडिया के प्रधानाध्यापक छोटा भुजंग टुडू उपस्थित थे. दिनभर चले खेलकूद आयोजन में म्यूजिकल चेयर, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, गणित दौड़, हंडी फोड़ प्रतियोगिता समेत विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में बच्चें एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिताओं के समापन पर सभी विजयी प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मनमोहक नृत्य, सुरीले गीत एवं कविता पाठ की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया. उद्घाटन संगीत माला घटुआरी द्वारा प्रस्तुत किया गया. विशेष आकर्षण के रूप में शिवशंभु नृत्यशाला के अनेक छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रगति संघ की ओर से स्मृति चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन अभिषेक भुई ने किया. आयोजन को सफल बनाने में प्रगति संघ के भीमसेन भोल, अर्जुन भोल, टुकुन महापात्र, लिपु बंद्या, अंजन कुमार भोल, पिंकू भोल, सोनू भोल, राजा भोल, सुमन महापात्र, रवि मल्लिक, अमर्त्य भोल समेत अन्य ने अहम भूमिका निभाई. (नीचे भी पढ़ें)
अगले वर्ष होगा प्रगति संघ का भव्य स्वर्ण जयंती समारोह प्रगति संघ के सदस्यों ने बताया कि वर्ष 1977 से निरंतर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के अगले वर्ष 50 वर्ष पूर्ण होने जा रहा हैं. इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए प्रगति संघ की ओर से भव्य स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस विशेष आयोजन को यादगार एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अभी से तैयारियां और योजनाएं बनाई जाएंगी. संघ के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से आगामी स्वर्ण जयंती समारोह में बढ़-चढ़कर सहयोग एवं भागीदारी की अपील की है.
अंत में प्रगति संघ की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया.












