सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले में सोहराय पर्व की तैयारी और उत्साह के बीच बीजाडीह गांव में उस समय मातम छा गया, जब सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत की खबर पहुंची. राजनगर थाना क्षेत्र के एनएच-220 पर रघुनाथपुर के पास बुधवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो दोस्तों की जान चली गई. मृतकों की पहचान बीजाडीह निवासी रौनक लुगुन उर्फ गोलू (17) और गुलशन सुंडी के रूप में हुई है. हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान हो गई. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 11:30 बजे सड़क हादसे की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा को मिली. सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. वहां एक युवक मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था. पुलिस की सहायता से दोनों को तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने घायल युवक को भी नहीं बचा सके. बताया जाता है कि रौनक लुगुन नौवीं कक्षा का छात्र था और नेटो तिरिल स्कूल में पढ़ाई करता था. उसकी मां के अनुसार, वह जामडीह में आयोजित सोहराय पर्व में शामिल होने के लिए दोस्तों के साथ घर से निकला था. इसी दौरान रौनक और गुलशन स्कूटी से पेट्रोल भरवाने के लिए मुख्य सड़क की ओर गए थे. लेकिन रघुनाथपुर के पास उनकी स्कूटी हादसे का शिकार हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किसी अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 22एच 2751 बताया गया है. हालांकि, टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके. सोहराय पर्व की खुशियां मनाने निकले दोनों दोस्तों की एक साथ मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, जिस घर में पर्व को लेकर उत्साह था, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है. बीजाडीह गांव में भी शोक की लहर है. ग्रामीणों के लिए यह हादसा पर्व की खुशियों के बीच कभी न भूलने वाला दर्द बन गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.












