जमशेदपुर : जमशेदपुर मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 में गुरुवार सुबह चोरी की एक घटना सामने आई है. महज पांच मिनट के लिए दूध खरीदने घर से बाहर निकली महिला के पीछे चोर घर में घुस गया और अलमारी में रखे 70 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गया. घटना तौसीफ वाकर के घर की है. मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह तौसीफ वाकर की मां घर के पिछले दरवाजे से दूध लेने बाहर गई थीं. इसी दौरान घर का गेट खुला रह गया. महिला के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद एक चोर खुले गेट का फायदा उठाकर घर में दाखिल हो गया. घर के अंदर पहुंचते ही उसने कमरों में रखी अलमारियों को खंगालना शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

चोर ने पहले एक अलमारी की तलाशी ली, लेकिन वहां उसे कुछ हाथ नहीं लगा. इसके बाद उसने दूसरी अलमारी का सामान बाहर निकालकर कपड़ों को इधर-उधर बिखेर दिया. इसी दौरान अलमारी में रखे 70 हजार रुपये नकद उसके हाथ लग गए. रुपये चुराने के बाद चोर ने लॉकर खोलने की भी कोशिश की, लेकिन इसी बीच महिला दूध लेकर वापस घर पहुंच गईं. (नीचे भी पढ़ें)
महिला के घर पहुंचते ही चोर घबरा गया. शोर-शराबा होने पर वह मौके से फरार हो गया. बताया जाता है कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर की पहली मंजिल पर मौजूद थे. वहीं खाना बनाने और नाश्ता करने की कर रहे थे के कारण नीचे के हिस्से में कोई नहीं था. चोर ने घर में किसी की मौजूदगी नहीं होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. महज पांच मिनट की गैरमौजूदगी में घर में हुई इस चोरी से परिवार के लोग हैरान हैं. दिनदहाड़े घर में घुसकर नकदी चोरी किए जाने की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.












