जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस की टीम ने बोड़ाम और सुंदरनगर थाना क्षेत्रों के विभिन्न जंगलों में सघन छापेमारी की. इस दौरान बोड़ाम थाना क्षेत्र के मुकरूडीह एवं लाइलोंम तथा सुंदरनगर थाना क्षेत्र के करवाडूंगरी स्थित जंगलों में अवैध रूप से संचालित शराब की भट्ठियों को चिन्हित किया गया. पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 850 किलोग्राम जावा महुआ और 40 लीटर अवैध शराब बरामद की. इसके अलावा शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों और अन्य सामग्रियों को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. एसएसपी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. पुलिस का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना और इस धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है.












