जमशेदपुर : आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में पूरे जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी एवं जालसाजी के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया. वहीं, सोनारी थाना क्षेत्र से मारपीट के मामले में एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया. इसके अलावा एमजीएम थाना क्षेत्र से महिला के विरुद्ध अपराध के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर छठ महापर्व को देखते हुए जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में छठ पर्व मना सकें.












