जमशेदपुर : घरेलू विवाद के बाद अपने दो बच्चों के साथ लापता हुई महिला को कपाली पुलिस ने मध्य प्रदेश के सतना से सकुशल बरामद कर लिया है. करीब एक महीने से महिला और बच्चों की तलाश में जुटी पुलिस को तकनीकी जांच के आधार पर सफलता मिली. तीनों को कपाली लाने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में महिला और दोनों बच्चों को उनके पति के सुपुर्द कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, कपाली ओपी क्षेत्र के रहमतनगर निवासी मोहम्मद बाबू का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी शबनम परवीन (26) से विवाद हुआ था. इसके बाद शबनम अपने दोनों बेटों को साथ लेकर घर से चली गईं. काफी दिनों तक पत्नी और बच्चों का कोई पता नहीं चलने पर मोहम्मद बाबू ने कपाली ओपी पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से उनकी तलाश करने की गुहार लगाई. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की गंभीरता को देखते हुए कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से महिला की तलाश की. जांच के दौरान तीनों की मौजूदगी मध्य प्रदेश के सतना में होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया. कपाली लाने के बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके उपरांत परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में तीनों को मोहम्मद बाबू के हवाले कर दिया गया. लगभग एक महीने बाद पत्नी और बच्चों के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली. परिजनों ने पुलिस की तत्परता और इस कार्रवाई के लिए कपाली पुलिस का आभार जताया.












