जमशेदपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव स्थित पत्थर खदान के गहरे पानी से पुलिस ने शुक्रवार को 13 वर्षीया किशोरी का शव बरामद किया. मृतका की पहचान लायाडीह गांव निवासी रवींद्र मुर्मू की पुत्री कनकलता मुर्मू के रूप में हुई है. वह गेरुवाला उत्क्रमित मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा की छात्रा थी. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे रास्ते से गुजर रहे किसी ग्रामीण ने खदान के पानी में एक शव तैरता देखा. इसके बाद गांव में इसकी सूचना फैल गई और पुलिस को जानकारी दी गई. सूचना के कुछ घंटे बाद मौके पर पहुंची कमलपुर पुलिस ने शव निकालने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद पास के गांव से सबर समुदाय के कुछ लोगों को बुलाया गया, जिनकी मदद से ट्यूब के सहारे दोपहर करीब तीन बजे शव को पानी से बाहर निकाला गया. शव मिलने पर मृतका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण हंगामा करने लगे. बिना वार्ता के ग्रामीण शव को उठाने नहीं देना चाह रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. स्थिति को देखते हुए अंचलाधिकारी डॉ राजेंद्र कुमार दास, पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता, कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार और एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. शाम करीब पांच बजे से प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच शांतिपूर्ण माहौल में वार्ता जारी है, शाम 7 बजे तक सहमति नहीं बन पाने से शव को उठाया नहीं जा सका. ग्रामीण खदान में बने गहरे गड्ढों को भरवाने, मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने और खदान मालिक को घटना स्थल पर बुलाने की मांग कर रहे हैं. मांगें पूरी होने तक ग्रामीण शव उठाने देने को तैयार नहीं हैं. अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को बताया गया कि संबंधित पत्थर खदान का मामला कोर्ट में होने की वजह से पिछले कई महीनों से बंद है. इसलिए तत्काल उसके बारे में कुछ निर्णय नहीं लिया जा सकता है. बताया गया कि कनकलता दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. कनकलता पिछले मंगलवार से लापता थी. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. हालांकि इस घटना के संबंध में किसी भी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी.












