जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में आठ साल की बच्ची के साथ गलत हरकत करने का मामला सामने आया है. इस मामले में परिवार के करीब 10 वर्षों से परिचित एक युवक पर आरोप लगा है. घटना 12 नवंबर की रात की बताई जा रही है. बच्ची की मां अमृता कुमारी ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, कदमा निवासी कृष्णा शंकर (28) उनके परिवार का करीब 10 वर्षों से परिचित है. बच्ची भी उसे मामा कहकर बुलाती थी. आरोप है कि 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे युवक उनके घर पहुंचा. कुछ देर तक बच्ची के पिता से बातचीत करने के बाद वह बच्ची को चॉकलेट और चिप्स दिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ बाहर ले गया. काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी.
रात करीब 10:20 बजे तक बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने युवक को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया. करीब 15 मिनट बाद बच्ची मां को मिली. बच्ची काफी डरी-सहमी हुई थी. मां को देखते ही वह उनसे लिपटकर रोने लगी. मां के अनुसार, बच्ची ने बताया कि युवक ने उसके साथ गलत हरकत की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. घटना के बाद परिवार के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई. इसके बाद बच्ची की मां ने पुलिस को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. मामले में बच्ची की सुरक्षा और घटना की निष्पक्ष जांच को लेकर परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है.












