जमशेदपुर : झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन से मुलाकात कर जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट और शहर के बाहर चिन्हित औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के विकल्प जैसे विषयों पर टाटा प्रबंधन के समक्ष कई सुझाव एवं प्रस्ताव रखे. मुलाकात के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड सहित टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या पर चिंता जताई. उन्होंने टाटा लीज की शर्तों में पार्किंग की व्यवस्था के क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा कराने का आग्रह किया ताकि लोगों को ऐसे सार्वजनिक स्थानो में जाने के बाद एक बेहतर अनुभव मिल सके. उन्होंने कॉमर्शियल एवं भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री के समय की व्यावहारिक समीक्षा करने और भविष्य में व्यवसायिक वाहनों के लिए अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया. इससे पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न औद्योगिक संयंत्रों तक कच्चे माल एवं तैयार उत्पादों की आवाजाही आसान होगी और ट्रांसपोर्टरों को समय पर सामग्री की डिलीवरी करने में सुविधा मिलेगी. (नीचे भी पढ़ें)

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर कुणाल षाड़ंगी ने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा जी की देशभर में 40 से 50 ग़ैर लाभकारी अस्पताल स्थापित करने की सोच का उल्लेख करते हुए आग्रह किया कि इस पहल के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाकों में रहने वालों लोगों जे लिए भी एक गैर लाभकारी (नॉट फॉर प्रॉफिट) जनरल अस्पताल स्थापित किया जाए जिसमें सक्षम लोगों के भुगतान की क्षमता का लाभ जरूरतमंदों को उनकी चिकित्सा के लिए अनुदान के रूप में मिले. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पूछे गए 19 पर्यावरणीय और वन्यजीव संबंधी सवालों के जवाब स्टेज-1 क्लियरेंस के लिए केंद्र सरकार को भेज दिया गया है. उन्होंने टाटा समूह से धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में सहयोग करने का आग्रह किया. इससे पूर्वी सिंहभूम की हवाई कनेक्टिविटी, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. इसके अतिरिक्त सरायकेला ज़िले की तर्ज पर पूर्वी सिंहभूम ज़िले में जमशेदपुर शहर से बाहर भी उद्योगों हेतु चिह्नित स्थित क्षेत्रों में उद्योग लगाने वालों को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के साथ साथ टाटा पॉवर या टाटा स्टील यूआईएसएल के माध्यम से बिजली की आपूर्ति का भी विकल्प उद्योगों के किए सुनिश्चित करने हेतु पहल करने पर चर्चा हुई. कुणाल सारंगी ने कहा कि औद्योगिक निवेश के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य में उद्योगों की स्थापना एवं विस्तार को लेकर प्रतिबद्ध है. टाटा समूह के नागरिक सुविधा और विकास से जुड़े हर अच्छी पहल पर सकारात्मक सहयोग के लिए राज्य सरकार सदैव तैयार है.












