चतरा: चतरा जिले से अंधविश्वास और क्रूरता की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. प्रतापपुर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने के चक्कर में एक महिला ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपनी बहन की बेटी की निर्मम हत्या कर दी. इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मौसी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि बीते 11 नवंबर को प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चन्द्रि गोविंदपुर पंचायत के चट्टी अनंतपुर गांव निवासी सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जिसके बाद त्वरित रूप से मामला दर्ज करते हुए एसडीपीओ चतरा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. एसपी ने बताया कि जांच के दौरान 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव घर से महज 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया गया था. (नीचे भी पढे)
पुलिस अधीक्षक के अनुसार अंधविश्वास जैसी कुरीति के कारण एक मासूम की जान चली गई. मौके से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर 48 घंटे के भीतर इस जघन्य ब्लाइंड हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली गई है.एसपी ने बताया कि गहन अनुसंधान में पता चला कि पीड़िता की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती है. उसने सिद्धि प्राप्त करने के उद्देश्य से अमावस्या की रात अपने भैसुर बिन्दु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की बलि दे दी. जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद भी चल रहा था. पुलिस ने घटनास्थल और अभियुक्त सोहरी देवी के घर से खून लगा हसुवा, खून लगी करणी, लोहे की छेनी, लाल रंग की टूटी चूड़ी-बाली, खून लगा पलाश का पत्ता व घास, पीड़िता का कपड़ा और तंत्र-मंत्र में प्रयुक्त होने वाला सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप व हल्दी बरामद किया है. जिसके बाद सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है. एसआईटी में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.












