जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती समारोह का आयोजन कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय, बिष्टुपुर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ किया गया. इस अवसर पर जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने नेहरू जी के जीवन, उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी दूरदर्शी सोच तथा देश के विकास में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष एवं आधुनिक राष्ट्र बनाने की नींव रखी. (नीचे भी पढ़ें)
उनके नेतृत्व में देश में औद्योगिक विकास, वैज्ञानिक अनुसंधान, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं तकनीकी संस्थानों को नई दिशा मिली. उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आपसी भाईचारे को सदैव सर्वोपरि रखा. जिला अध्यक्ष ने कहा कि नेहरू जी का बच्चों के प्रति विशेष स्नेह था, इसी कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे. उनका संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए समर्पित रहा. आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए देश में लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प लें. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया. कार्यक्म का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया. इस अवसर पर मुख्य रूप से भारतयात्री अमरजीत नाथ मिश्रा, केकेसी प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पाण्डेय, उपाध्यक्ष आशुतोष सिंह, महामंत्री राकेश साहू, मकसूद आलम, सन्नी सिंह, सचिन कुमार सिंह, आशीष ठाकुर, मुन्ना मिश्रा, तनवीर खान, ईशान पात्रा, रंजीत झा, कौशल प्रधान, शुभम झा, सुरेंद्र सिंह, विनोद यादव, अंबेश कुमार, मुन्ना सिंह सेवादल सहित कांग्रेसजन शामिल हुए.












