जमशेदपुर : लोक आस्था का महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को जमशेदपुर समेत पूरे प्रदेश में खरना का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया. इस दौरान सुबह से ही छठ व्रती खरना की तैयारी में जुटे रहे. घरों में साफ-सफाई के बाद पूरी पवित्रता और विधि-विधान से खरना का प्रसाद तैयार किया गया. व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर गुड़ से बनी खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण ग्रहण किया. खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुभारंभ हो गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस दौरान व्रती अन्न और जल का त्याग कर पूरी निष्ठा के साथ भगवान भास्कर की आराधना किया गया. क्षेत्र में छठ गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा. घरों में गेहूं धोने, सुखाने और पूजा की अन्य तैयारियों का सिलसिला जारी है. परिवार के सदस्य भी पर्व की तैयारियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे. रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. साथ ही सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा. लोक आस्था, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं के बीच खास उत्साह बना रहा. गौरतलब हो कि छठ महापर्व समापन होने के बाद साल भर चलने वाली सभी तरह के पर्व पर विराम लग जाएगा.












