पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के पोटका पंचायत अंतर्गत बड़ा भूमरी गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर की खिड़की तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने घर में रखे सात लाख रुपये नकद समेत करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. घटना रविवार रात की है. सूचना मिलने पर पोटका पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. इस संबंध में पीड़ित देवरंजन मंडल एवं उनके भाई नयन मंडल ने बताया कि रविवार रात परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह घर में सो रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

उनकी मां छठ पर्व मनाने के लिए अपनी बेटी के घर लक्ष्मीनगर गई हुई थीं. चोरों ने इसका फायदा उठाते हुए उनकी मां के कमरे की गोदरेज अलमारी में रखे सात लाख रुपये नकद, दो सोने के हार, दो चेन, दो जोड़ी कान की बाली, एक अंगूठी, चांदी के आठ सिक्के समेत अन्य सामान चोरी कर लिए. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों के अनुसार, रात करीब दो बजे उनकी बहन की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है. इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया. मां के कमरे में सामान बिखरा देखकर चोरी की घटना का पता चला. घटना की जानकारी मिलने के बाद पोटका थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. इधर, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल एवं मुखिया पानो सरदार ने पुलिस से घटना का शीघ्र उद्भेदन करने तथा आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.












