जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को तार कंपनी स्थित सिटू तालाब में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के शुभ अवसर पर माता रानी के भव्य जागरण का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा. जागरण में श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया तथा माता रानी के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा. कार्यक्रम के दौरान भजन गायकों द्वारा माता रानी के एक से बढ़कर एक भक्ति गीत एवं भजनों की प्रस्तुति दी गई. भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे. माता रानी के जागरण के माध्यम से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई. (नीचे भी पढ़ें)
आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई. इस अवसर पर समिति के मुख्य संरक्षक एवं समाजसेवी अभिभावक पप्पू सिंह, संरक्षक सुमित सिंह, जीतू सिंह, लड्डू चौधरी सहित विनोद, सौरव मजूमदार, रवि सिंह, नंदू, युवी, नीरज गुप्ता एवं समिति के अन्य युवा सदस्य उपस्थित रहे. समिति के सदस्यों ने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से आपसी भाईचारे, एकता और श्रद्धा की भावना को मजबूत करना ही मुख्य उद्देश्य है. जागरण का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ.












