जमशेदपुर : भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की एक प्रमुख कंपनी और द टाटा पावर कंपनी लिमिटेड (‘टाटा पावर’) की सहायक कंपनी, टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड ने महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा में अपनी 100.8 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजना शुरू कर दी है। यह परियोजना टीपीसी-डी (टाटा पावर मुंबई डिस्ट्रीब्यूशन) को नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति करेगी और इससे सालाना लगभग 308 मिलियन यूनिट बिजली पैदा होने की उम्मीद है, जो स्वच्छ और विश्वसनीय बिजली की आपूर्ति में योगदान देगी. इस परियोजना में एसजी 3.6-145 मॉडल के 28 हॉरिजॉन्टल एक्सिस विंड टर्बाइन जनरेटर शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक टर्बाइन को कुशल नवीकरणीय बिजली उत्पादन में सहायता के लिए डिज़ाइन किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
308 मिलियन यूनिट की वार्षिक उत्पादन क्षमता के साथ, इस परियोजना से हर साल लगभग 2,52,560 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में टीपीआरईएल की स्थिति और मजबूत होगी तथा कम कार्बन उत्सर्जन वाली बिजली व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा. परियोजना के बीच में एक बड़ी चुनौती तब सामने आई, जब ग्रिड कनेक्टिविटी योजना में बदलाव किया गया और ईएचवी लाइन की व्यवस्था को अंडरग्राउंड केबल से बदलकर मोनोपोल कर दिया गया. इस नई व्यवस्था में डिज़ाइन, सामग्री की खरीद और निर्माण कार्य से जुड़ी कई जटिलताएं थीं. यह टीपीआरईएल के विंड प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन डिवीजन द्वारा अपनी तरह की पहली मोनोपोल स्थापना है. (नीचे भी पढ़ें)
काम के बीच में हुए इस बदलाव के बावजूद, टीम ने इस नई व्यवस्था को सफलतापूर्वक लागू किया और यह सुनिश्चित किया कि पूरी परियोजना की समय-सीमा पर कोई असर न पड़े. 100.8 मेगावाट की औसा पवन ऊर्जा परियोजना के शुरू होने के साथ ही, टीपीआरईएल की कुल नवीकरणीय यूटिलिटी क्षमता 12.1 गीगावाट तक पहुंच गई है. वर्तमान में, इस क्षमता में से 7.3 गीगावाट का संचालन हो रहा है, जिसमें 5.9 गीगावाट सौर ऊर्जा और 1.4 गीगावाट पवन ऊर्जा शामिल है. इसके अतिरिक्त, बाकी 4.8 गीगावाट क्षमता पर काम अलग-अलग चरणों में चल रहा है.












