जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) पुलिस ने अपराध नियंत्रण, संगठित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से सक्रिय अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में जिले के विभिन्न थानों के कुख्यात अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सीसीए के तहत प्रभावी और कड़ी अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. जमशेदपुर के एसएसपी एहतेशाम बकारिब द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक, जिले के कुल 91 कुख्यात और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जिसमें 54 अपराधियों के विरुद्ध निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) तथा 37 अपराधियों के विरुद्ध तड़ीपार की कार्रवाई शामिल है. पुलिस प्रशासन ने जिन प्रमुख संवेदनशील आपराधिक घटनाओं से जुड़े अपराधियों को चिन्हित किया है, उनमें निखार सबलोक हत्याकांड, गोलमुरी के कन्हैया यादव हत्याकांड, बिन्दल मॉल फायरिंग तथा मानगो थाना अंतर्गत एसआईआर करवाने के नाम पर हुई लूट से जुड़े अपराधी शामिल हैं.
इसके अलावा जिले के कई कुख्यात आपराधिक गिरोहों के सदस्यों पर भी सीसीए के तहत नकेल कसी जा रही है. इनमें मुख्य रूप से अखिलेश सिंह गिरोह, गणेश सिंह गिरोह, बिल्ला पाठक गिरोह, कन्हैया सिंह गिरोह, रंजीत-संजीत गिरोह, छिनतई के कई कांडों में संलिप्त हरपाल एवं मनप्रीत गिरोह तथा मासुक-मनीष गिरोह के नाम शामिल हैं. सबसे ज्यादा लोग मानगो के सभी थाना क्षेत्र के अपराधी शामिल है. जिला पुलिस द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के विभिन्न थानों के अंतर्गत सीसीए के तहत चिन्हित किए गए अपराधियों (निरुद्धादेश एवं तड़ीपार) का थानावार आंकड़ा पर गौर करें तो सबसे ज्यादा मानगो थाना, मानगो के ही उलीडीह, एमजीएम और आजादनगर के अपराधी शामिल है.
अकेले मानगो में 3 के खिलाफ निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और तीन तड़ीपार, सिदगोड़ा में 2 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 1 तड़ीपार होंगे. इसके अलावा सीतारामडेरा थाना में 4 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 1 तड़ीपार हुआ है. वहीं, बागबेड़ा में 6 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 3 तड़ीपार, जुगसलाई में 6 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर), सोनारी में 9 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 3 तड़ीपार हुए है. कदमा में 3 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) हुआ है. गोलमुरी में 2 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 7 तड़ीपार, टेल्को में 1 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 2 तड़ीपार, ओलीडीह में 12 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 2 तड़ीपार, परसुडीह में 1 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 2 तड़ीपार, बर्मामाइन्स में 2 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 4 तड़ीपार हुए है. साकची में 2 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 1 तड़ीपार हुआ है. वहीं, आजादनगर में 1 निरुद्धादेश (डिटेंशन आर्डर) और 4 तड़ीपार, गोविन्दपुर में 2 तड़ीपार, बिष्टुपुर में 2 तड़ीपार करने का आदेश दिया गया है. जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा.












